आज सावन महोत्सव की सातवीं प्रस्तुति- नृत्य की रसवर्षा से नटराज की आराधना

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के 18 वे अखिल भारतीय श्रावण महोत्सव 2023 जिसे शिवसंभवम का नाम दिया गया है, उसके सप्तम शनिवार 19 अगस्त को शायोनी चावडा कोलकता का कथक, सुश्री श्वेता गुंजन जोशी का शास्त्रीय गायन व सुश्री अदिति तिवारी बंगलूरू के कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि अखिल भारतीय श्रावण महोत्संव के सातवे शनिवार को शाम 7 बजे मंदिर के समीप स्थित त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय सभागृह में सुश्री शायोनी चावडा कोलकता के कथक, सुश्री श्वेता गुंजन जोशी के शास्त्रीय गायन व सुश्री अदिति तिवारी बंगलूरू के कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में सभी सुधीजन को आमंत्रित किया गया है।

कलाकारों का परिचय

शायोनी चावड़ा – आप कोलकाता के लखनऊ घराने की कथक नृत्यांगना हैं। प्रसिद्ध नृत्य गुरु पंडित विजय शंकर के सानिध्य में आपका प्रशिक्षण हुआ। शायोनी को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति भारतीय सरकार द्वारा प्राप्त हुई। आप 20 साल से नृत्य प्रस्तुतियां दे रही हैं। आपने खजूराहो नृत्य महोत्सव, संगीत नाटक अकादमी, कथक केंद्र, ताज महोत्सव, हम्पी महोत्सव, मोधेरा महोत्सव, निशागंधी महोत्सव जैसे कई बड़े उत्सवों में प्रस्तुतियां दी है। फिलहाल वे आपने नृत्य स्कूल में कई कथक नृत्यांगना को तैयार कर रहे हैं।

सुश्री श्वेता जोशी – सुश्री जोशी ने 12 वर्ष की आयु से ही संगीत की शिक्षा पंडित ललिता शंकर से प्राप्त की, जो कि उस्ताद रजब अली खां साहब के शिष्य थे। आप शास्त्रीय एवं उप-शास्त्रीय गायन साथ ही भजन गायन में भी दक्ष है। आपने राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय ग्वालियर से संगीत की उपाधि प्राप्त की। साथ ही प्रयाग संगीत समिति प्रयागराज द्वारा संगीत प्रवीण भी किया। वर्तमान में आप ग्वालियर घराने के गुरु पं.लक्ष्मीकांत जोशी से मार्गदर्शन ले रही हैं।

अदिति तिवारी – आप विगत 19 वर्षों से कथक नृत्य की साधना में संलग्न है। अदिति ने कथक नृत्य की शिक्षा अपनी प्रथम गुरु पंडिता डॉक्टर पूनम व्यास जी, उज्जैन और फिर पंडिता मनीषा साठे जी, पुणे से प्राप्त की। आपने राजा मानसिंह तोमर यूनिवर्सिटी, ग्वालियर से विशारद और भारतीय विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, पुणे से कथक में एम ए की डिग्री प्राप्त की है। वहीं स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान बेंगलुरू से योग प्रशिक्षण में डिप्लोमा किया है।

वर्तमान में बेंगलुरू अपनी संस्था में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से कत्थक नृत्य एवं योग की शिक्षा का प्रतिपादन सफल रूप से कर रही हैं। देशभर में कथक नृत्य की प्रस्तुति के अलावा आप मंगल-ए-आज़म द म्यूजिक थिएटर में कथक आर्टिस्ट के रूप में दुबई, दोहा (कतर), इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर जैसे कई देशों में अपनी प्रस्तुति दर्ज कर चुकी हैं।

Next Post

मंडी में लीज नवीनीकरण के मुद्दे पर व्यापारी लामबंद, 24 को हड़ताल की घोषणा

Fri Aug 18 , 2023
व्यापारी पुरानी शर्त लीज के पालन करने पर अड़े, मंडी प्रशासन नए नियम अनुज्ञप्ति के तहत काम करने पर अड़ा उज्जैन, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी में व्यापार करने वाले व्यापारी लीज नवीनीकरण नहीं किए जाने के मामले को लेकर लामबंद हो गए हैं। उन्होंने 24 अगस्त से अनिश्चितकालीन मंडी को […]