उत्तरी हवाओं की गति भी कम, उतार चढ़ाव बना रहेगा
उज्जैन। उत्तरी क्षेत्र में फिलहाल बर्फबारी कम हो रही है, जिसके चलते तेज ठंड का दौर अभी तक नहीं आ पाया है। जब तक बर्फबारी तेज नहीं होती है, तब तक ऐसे ही मौसम से रूबरू होना पड़ेगा। ऐसा कहना है मौसम विज्ञानियों का। फिलहाल तापमान में उतार चढ़ाव बना हुआ है।
शुक्रवार को दिन के अधिकतम तापमान में आधे डिग्री से अधिक की कमी देखने को मिली है। विगत दिवस की अपेक्षा दिन का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री से गिरकर 28.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। इसको इस सीजन का सबसे कम तापमान माना जा सकता है। वहीं रात का न्चूनतम पारा भी 16 डिग्री से गिरकर 15.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
वेधशाला अधीक्षक राजेन्द्र प्रकाश गुप्त का कहना है कि उत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों में जब तक तेज बर्फबारी नहीं होती तब तक ऐसा ही उतार चढ़ाव बना रहेगा। वहीं उत्तर से आ रही हवा की गति भी कम है। शुक्रवार को हवा की गति सुबह 2 तो शाम को 4 किमी प्रतिघंटा रही। इतनी कम वेग से हवाओं के चलने का भी नतीजा है कि तापमान में कोई खास गिरावट देखने को नहीं मिल रही है।
नवंबर के आखिरी सप्ताह में पड़ सकती तेज ठंड
मौसम विज्ञानियों की मानें तो नव बर माह के अंतिम सप्ताह में तेज ठंड दस्तक दे सकती है। शुक्रवार को मौसम साफ रहने के कारण शाम को ठँड का असर तेज हो गया था। हवा की गति भी लोगों के शरीर को ठँडक का अहसास करवा रही थी। ऐसा ही आगे भी चलता रहा तो नवंबर के आखिरी सप्ताह में हाडक़ंपा सर्दी से सामना करना पड़ सकता है।