बोले-कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करेंगे काम
उज्जैन, अग्निपथ। वरिष्ठ आईपीएस राकेश गुप्ता ने गुरुवार को महाकाल दर्शन के बाद उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) का पदभार ग्रहण किया। बाबा महाकाल के दर्शन कर उन्होंने प्रदेश एवं संभाग में शांति व सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। महाकाल दर्शन के बाद एडीजी गुप्ता पुलिस ऑफिसर्स मेस पहुंचे। जहां उज्जैन संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। पुलिस बल द्वारा उन्हें सलामी दी गई। आईपीएस गुप्ता इससे पूर्व संचालक खेल एवं युवक कल्याण के पद पर पदस्थ थे।
उज्जैन में कार्य करने का लंबा अनुभव
1999 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अफसर राकेश गुप्ता को उज्जैन में पुलिसिंग का लंबा अनुभव है। इसके पहले वे उज्जैन में आईजी, डीआईजी और एसपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वे 2011 से 2013 तक उज्जैन एसपी और सिंहस्थ 2016 में डीआईजी के रूप में पदस्थ रह चुके हैं।उज्जैन में उनकी वापस पदस्थी का कारण सिंहस्थ भी है। निश्चित रूप से उनके पिछले अनुभव का लाभ उज्जैन को मिलेगा।
इंदौर में चर्चित रहा उनका कार्यकाल
वरिष्ठ आईपीएस राकेश गुप्ता का इंदौर में लंबा कार्यकाल रहा और उनके कार्यकाल में पुलिस ने कईं सफल पुलिसिंग के कार्य किए। वे इंदौर रेंज के आईजी, इंदौर के एसएसपी और बाद में इंदौर के तीसरे पुलिस कमिश्रर रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन पुलिस कमिश्रर मकरंद देऊ स्कर के प्रतिनियुक्ति पर जाने पर गुप्ता को इंदौर का पुलिस कमिश्रर नियुक्त किया गया था।
इंदौर में डीआईजी रहते गुप्ता ने कुख्यात सियागंज खड़ी कराई गैंग, कोतवाली क्षेत्र में हुए बोहरा व्यापारी हत्याकांड सहित कई हाई प्रोफाइल मामलों के खुलासे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जेल पहुंचाया था।
