लाखों का नुकसान, 2 घरों का सामान जलकर खाक हुआ,चार घरों तक पहुंची आग
उज्जैन अग्निपथ। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित योगेश्वर टेकरी पर दो मकानों में दोपहर बाद आग लग गई। आग लगने का कारण एक मकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। जिससे ब्लास्ट भी हुआ। आग में जलकर दो मकानों के अंदर का सामान खाक हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार शाम 4.30 बजे योगेश्वर टेकरी क्षेत्र स्थित एक मकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट हो गया। जिससे आग भडक़ गई। देखते ही देखते आग एक मकान से दूसरे मकान तक पहुंच गई। साथ ही आसपास के तीन अन्य मकानों को भी आग ने चपेट में ले लिया। घटना के समय घरों में कोई मौजूद नहीं था। पडोसियों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
लाखों का नुकसान, घर का सामान खाक
पडोस में रहने वाली नर्मदा कुमावत ने बताया कि घर का सारा सामान टीवी, फ्रिज, सोफा और कपड़े जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई मौजूद नहीं था अपितु जनहानि भी हो सकती थी। सीमा ललावत का घर भी आग की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि वें काम पर गर्ईं थी। इसी दौरान उनके पति का फोन आया कि पडोस में आग लग गई है। जब वह घर पहुंची तो उनके घर का भी सारा सामान जल चुका था।
दमकल गाडिय़ा नहीं चढ़ पाई टेकरी
योगेश्वर टेकरी की ऊंचाई ज्यादा है। ऊपर चढऩे का घाटीनुमा रास्ता सकंरा है। जिसमें से फायर ब्रिगेड की लॉरी को ऊॅपर नहीं ले जाया जा सकता था। इसके कारण गाडिया घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई। कडी मशक्कत के बाद पानी आग तक पहुंचाया गया। आग बुझने तक चार मकान पूरी तरह जल चुके थे। आग लगने से सबसे ज्यादा नुकसान गोरेश्वरी तंवर के मकान में हुआ। उन्होंने बताया कि उनका पूरा घर जल गया। फ्रि ज में ब्लास्ट होने से घटना हुई।
हादसे का कारण
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हालांकि आग लगने का कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही बताया जा सकता है।
