वीडियो वायरल होते ही पहुंचा सलाखों के पीछे
शाजापुर, अग्निपथ। भूख मिटाने के लिए खेत में घुसना एक बेजुबान को इतना भारी पड़ा कि किसान सारी मर्यादाएं लांघकर हैवान बन बैठा। चंद मुट्ठी अनाज के नुकसान ने एक किसान को इतना क्रोधित कर दिया कि उसने गौमाता का दर्जा पाने वाले जीव को खूंटे से बांधकर लाठियों से अधमरा कर दिया। घटना शाजापुर के ग्राम बायहेड़ा की है, जहां बुधवार शाम मानवता को शर्मसार करने वाला यह मामला सामने आया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बायहेड़ा निवासी किसान कमलसिंह के खेत में पिछले 4-5 दिनों से एक गाय गेहूं और चने की फसल में मुंह मार रही थी। फसल के नुकसान से कमलसिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बुधवार शाम करीब 7 बजे जब गाय दोबारा खेत में दिखी, तो उसने उसे पकड़कर अपने घर के सामने खूंटे से बांध दिया और लाठियों से उस पर तब तक वार किए जब तक वह बुरी तरह घायल नहीं हो गई।
रिश्तेदार ने ही रोका, पर सिर पर सवार था खून
जिस वक्त यह बर्बरता हो रही थी, संयोग से आरोपी की बहन के घर मेहमान बनकर आए बलवीर सिंह वहां मौजूद थे। बलवीर, जो खुद गौ रक्षा दल से जुड़े हैं, ने अपने दोस्तों विनोद सौराष्ट्रीय और महेंद्र प्रजापत के साथ मिलकर कमलसिंह को रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन गुस्से में अंधे हो चुके किसान ने किसी की नहीं सुनी और गाय को पीटता रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना का वीडियो सामने आते ही बलवीर सिंह ने तुरंत गौ रक्षा दल को सूचित किया। देखते ही देखते थाने पर गौरक्षकों की भीड़ जमा हो गई। दल के सदस्यों ने घायल गाय का वीडियो और सबूत पुलिस को सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी किसान कमलसिंह के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे रात में ही गिरफ्तार कर लिया है।
