दान पेटी से चुराए गए 21,600 रुपये नकद बरामद
शाजापुर, अग्निपथ। मां प्रभावेश्वरी देवी मंदिर बेरछा में हाल ही में हुई चोरी की घटना का बेरछा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गुना जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई नकदी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को फरियादी महावीर जैन ने थाना बेरछा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अलसुबह करीब 4:15 से 4:40 बजे के बीच किसी अज्ञात बदमाश ने मां प्रभावेश्वरी मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़ दिया है। बदमाश पेटी में रखे करीब 25,000 से 30,000 रुपये नकद चुराकर ले गया। शिकायत के आधार पर बेरछा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
विशेष टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा
धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए शाजापुर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह चौहान के मार्गदर्शन में बेरछा थाना प्रभारी भरतसिंह किरार ने एक विशेष टीम का गठन किया। गठित टीम ने लगातार पतारसी और सुरागों के आधार पर आरोपी परमाल सिंह 41 वर्ष पिता बुंदेल सिंह यादव को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से ग्राम गेलोन, थाना आरोन, जिला गुना का निवासी है।
पुलिस टीम की सराहना
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से मंदिर की दान पेटी से चुराए गए कुल 21,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। चोरी का जल्द पर्दाफाश करने में बेरछा थाना प्रभारी भरतसिंह किरार, उप निरीक्षक मेहरबान सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक रघुनाथ सिंह राठौड़, केदार पटेल, प्रधान आरक्षक हरीश सक्सेना, विनोद शर्मा, रामबरन सेंगर, पिंकू यादव, आरक्षक अरुण सितपरा, रूपसिंह यादव और सैनिक राजाराम मालवीय का सराहनीय योगदान रहा।
