उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आगरा रोड स्थित एक वाइन शॉप के बाहर आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से सनी लाश मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे घाव पाए गए हैं। प्राथमिक दृष्टि में यह मामला आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी कर हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
बेगमबाग निवासी के रूप में हुई पहचान
पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त हो गई है। मृतक का नाम आरिफ उर्फ भूरा (28) पिता गफ्फार मंसूरी है, जो कब्रिस्तान वाली गली, बेगमबाग कॉलोनी का निवासी था। बताया जा रहा है कि भूरा बीती रात शराब पीने के लिए आगरा रोड स्थित कलाली (शराब दुकान) पर गया था। वहां शराब पीने के दौरान उसका किसी अज्ञात बदमाशों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
रात भर सड़क पर पड़ा रहा घायल, ज्यादा खून बहने से हुई मौत
घटनाक्रम के अनुसार, बदमाशों ने भूरा के पैरों और जांघ पर चाकू से गहरे वार किए थे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल भूरा अत्यधिक खून बहने के कारण वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। रात भर सड़क पर पड़े रहने और समय पर इलाज न मिलने के कारण शरीर से काफी मात्रा में रक्त बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आज सुबह जब राहगीरों ने सड़क पर युवक को मृत अवस्था में देखा, तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक की जेब से मिले आईडी कार्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचित किया। मृतक के भाई सिकंदर ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपियों की तलाश शुरू
जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवक के पैरों और जांघ पर चाकू के निशान मिले हैं। मुख्य रूप से अत्यधिक रक्तस्राव ही मौत का कारण नजर आ रहा है। पुलिस अब शराब दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
ऑटो चालक ने भी की शिनाख्त
सुबह करीब 7 बजे जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां लोगों की भीड़ जमा थी। इसी बीच एक ऑटो चालक ने मृतक को पहचान लिया। उसने पुलिस को बताया कि मृतक का नाम भूरा है और वह बेगमबाग क्षेत्र का रहने वाला है। ऑटो चालक के अनुसार, भूरा शराब पीने का आदी था और अक्सर इस क्षेत्र में देखा जाता था। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
