नलखेड़ा, अग्निपथ। नगर सोयतकला के विवेकानंद राष्ट्रीय विद्यालय में शुक्रवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब परीक्षा दे रहे मासूम बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में कक्षा चौथी के 9 वर्षीय छात्र रमन की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 5 अन्य बच्चे घायल हुए हैं। रमन अपनी मां का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
स्कूल परिसर में मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर छात्र स्कूल में अपनी परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान स्कूल परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक हजारों की संख्या में मधुमक्खियां निकल आईं और बच्चों पर टूट पड़ीं। स्कूल में कई स्थानों पर छत्ते लगे होने के कारण बच्चों को भागने का मौका भी नहीं मिला। मधुमक्खियों के हमले से स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
इकलौते बेटे को नहीं बचा सके डॉक्टर
कक्षा चौथी के छात्र रमन पिता सज्जन सिंह कराड़ा ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन मधुमक्खियों के विशाल झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। गंभीर रूप से घायल रमन को तुरंत सोयतकला के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए झालावाड़ (राजस्थान) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रमन की मां पास के ही गांव खेरिया में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं और इस हादसे ने उनके घर का चिराग बुझा दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। मृतक छात्र का पोस्टमार्टम सोयतकला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अन्य घायल छात्रों का उपचार जारी है, जिनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्कूल परिसर में इस तरह मधुमक्खियों के छत्ते होना और बच्चों की सुरक्षा में चूक अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
00000
