पन्नी से ढके वाहन में ठूंस रखे थे गोवंश, लकड़ी तस्करी का भी खुलासा

सीहोर, अग्निपथ। आष्टा के सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात के अंधेरे में की जा रही अवैध गो-तस्करी और लकड़ी परिवहन के बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से गोवंश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई की गई। एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम धूराड़ा कला बस स्टैंड पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध सफेद रंग के लोडिंग वाहन क्रमांक MP11ZE7944 को रोका।

तिरपाल की आड़ में चल रहा था काला कारोबार

जब पुलिस ने पन्नी से ढके इस वाहन की तलाशी ली, तो अंदर का दृश्य देख अधिकारी भी हैरान रह गए। वाहन के भीतर तीन बैलों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। इतना ही नहीं, गोवंश की आड़ में अवैध लकड़ी का भी परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से वाहन चालक सयदाम पिता सहदरिया जमरे और उसके साथी राकेश बामणिया निवासी जिला बड़वानी को गिरफ्तार किया है।

सख्त धाराओं में मामला दर्ज

पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 63/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी राजूसिंह बघेल सहित उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब वाहन को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।

Next Post

खरगोन में किसान की हृदयविदारक आत्महत्या: सुसाइड वीडियो में धोखाधड़ी और धमकी के आरोप

Tue Apr 21 , 2026
खरगोन, अग्निपथ। जिले के गोगांवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेहगांव में एक किसान द्वारा अपने ही खेत में जहर पीकर जान देने का मामला सामने आया है। मृतक किसान की पहचान 43 वर्षीय सालकराम यादव के रूप में हुई है। इस घटना ने उस वक्त तूल पकड़ […]

Breaking News