नशे के सौदागरों और गैंगस्टरों पर पुलिस का शिकंजा, भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन पुलिस ने शहर में नशे के कारोबारियों और कुख्यात बदमाशों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने गुर्जर और बुंदेला गैंग के सक्रिय सदस्यों को दबोचते हुए उनके पास से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की है। सोमवार को पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

नीलगंगा क्षेत्र में दो भाई गिरफ्तार

नीलगंगा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाकणकर ब्रिज की पार्किंग में दो तस्कर ड्रग्स के साथ खड़े हैं। एसआई भूपेंद्र चौहान और उनकी टीम ने घेराबंदी कर नमन उर्फ नवीन (30) और उसके भाई चंद्रशेखर गुर्जर (36) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी विश्व बैंक कॉलोनी, चिमनगंज के निवासी हैं। तलाशी के दौरान नमन के पास से 12 ग्राम और चंद्रशेखर के पास से 13 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। टीआई तरुण कुरील के अनुसार, ये दोनों आरोपी रोशन और रौनक गुर्जर गैंग से जुड़े हुए हैं और पुलिस इनसे ड्रग्स के स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।

बुंदेला गैंग का सक्रिय सदस्य भी चढ़ा हत्थे

दूसरी बड़ी कार्रवाई चिमनगंज पुलिस ने की। पुलिस ने उंडासा रोड-गरोठ रोड पुलिया के नीचे से धर्मेंद्र उर्फ धम्मु (45) निवासी जनता कॉलोनी को गिरफ्तार किया। आरोपी कुख्यात बदमाश जीतू बुंदेला का भाई है और बुंदेला गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके पास से 28 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हुंडई आई-20 कार भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 8.5 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे

पूछताछ के दौरान आरोपी धम्मु ने बताया कि उसे ड्रग्स की सप्लाई काला बुंदेला ने की थी, जो वर्तमान में इंदौर के देवास नाका क्षेत्र में रहता है। यह खेप गैंग के फरार सदस्य निखिलेश मीणा को दी जानी थी, जो ढांचा भवन अग्निकांड मामले में वांछित है। जांच में यह भी सामने आया कि गैंग का मुखिया छंगू उर्फ यशवेंद्र बुंदेला और उसके साथी अवैध मादक पदार्थों के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से भी जुड़े हैं। काला बुंदेला द्वारा आईपीएल के दौरान गोवा के होटलों से क्रिकेट सट्टा संचालित करने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

Next Post

कॉसमॉस मॉल की दीवारों पर लटके मधुमक्खियों के झुंड, बड़ी अनहोनी की आशंका

Tue Apr 21 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध कॉसमॉस मॉल इन दिनों ग्राहकों के लिए आकर्षण के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। मॉल की बाहरी दीवारों और ऊपरी हिस्सों पर बड़ी संख्या में मधुमक्खियों के छत्ते लटके हुए हैं। वर्तमान में […]

Breaking News