बड़नगर, अग्निपथ। बड़नगर के उज्जैन रोड स्थित तुलसी वेयर हाउस के पास शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अनाज खरीदी को लेकर दो व्यापारियों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्राहक से अनाज खरीदने की मामूली बात पर शुरू हुई बहस इतनी उग्र हुई कि मारपीट के दौरान एक वृद्ध व्यापारी की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए हमलावर पिता और पुत्र के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
मामूली विवाद ने लिया रौद्र रूप
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र कुमार उर्फ राजू (65 वर्ष) पिता सौभागमल लोढ़ा, निवासी व्यास कॉलोनी बड़नगर और आदर्श पिता निलेश शाह, निवासी पलदूना की दुकानें एक-दूसरे के पास स्थित हैं। शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 9:15 बजे एक ग्राहक से अनाज खरीदने की होड़ में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आदर्श और उसके पिता निलेश शाह ने मिलकर राजेन्द्र कुमार के साथ लात-घूँसों से मारपीट शुरू कर दी।
मौके पर ही दम तोड़ दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान राजेन्द्र कुमार की छाती पर गंभीर चोट लगी, जिससे वे अचानक जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद विनोद भाटी नामक व्यक्ति उन्हें तुरंत उपचार के लिए गुप्ता अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर शासकीय चिकित्सालय पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
पुलिस की सख्त कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि मृतक के पुत्र अंशुल की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी आदर्श और उसके पिता निलेश शाह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1) (हत्या), 351(3), 296(बी) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वर्तमान में दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
साड़ी व्यवसाय से मिली थी विशेष पहचान
मृतक राजेन्द्र कुमार इलाके में ‘राजू साड़ी वाला’ के नाम से अत्यंत लोकप्रिय थे। अनाज के कारोबार में आने से पहले वे लंबे समय तक साड़ी बेचने का व्यापार करते थे, जिसके कारण शहर के हर वर्ग में उनकी पहचान और सम्मान था। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
