पोलायकलां, दैनिक अग्निपथ। स्थानीय साइलो केंद्र पर गेहूं तौल कराने आए एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। ग्राम निशाना निवासी 30 वर्षीय किसान गबू पिता रघुनाथ सिंह अपने गेहूं की तुलाई के लिए कतार में लगे थे, तभी अचानक वे असहज महसूस करने लगे और उनकी स्थिति बिगड़ने लगी। घटना के समय केंद्र पर बड़ी संख्या में किसान और कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें अचानक हुए इस घटनाक्रम से हड़कंप मच गया।
108 एम्बुलेंस की तत्परता आई काम
मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देरी किए 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया। सूचना मिलते ही पायलट मुकेश मालवीय और ईएमटी प्रीतम वर्मा एम्बुलेंस लेकर तुरंत साइलो पहुंचे। स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए किसान को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां में भर्ती कराया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया।
डॉक्टरों ने स्थिति को बताया स्थिर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के अनुसार, किसान का उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित कार्रवाई और कर्मियों की सजगता की प्रशंसा की है। गौरतलब है कि इन दिनों भीषण गर्मी और तुलाई के दबाव के बीच किसानों को स्लॉट बुकिंग और अनाज तुलवाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
