आगर में बड़ा फर्जीवाड़ा: निजी आवास पर चल रहा था अवैध गेहूं खरीदी केंद्र

आगर मालवा, अग्निपथ। जिले में सरकारी गेहूं खरीदी की आड़ में चल रहे एक बड़े खेल का भंडाफोड़ हुआ है। गुरुवार को ग्राम खजुरी में कार्यपालक मजिस्ट्रेट अरुण चंद्रवंशी ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक ऐसे केंद्र को पकड़ा, जहाँ बिना किसी अनुमति के नियमों को ताक पर रखकर निजी मकान के बाहर खुलेआम गेहूं की खरीदी की जा रही थी। इस अवैध केंद्र पर सरकारी बोरों का उपयोग कर प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की जा रही थी।

सरकारी बारदानों में भरा मिला 500 बोरा गेहूं

छापेमारी के दौरान मौके का मंजर देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। यहाँ गायत्री स्व सहायता समूह द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध संचालन किया जा रहा था। प्रशासनिक टीम ने मौके से 500 से अधिक गेहूं से भरे सरकारी बोरे और लगभग 250 खाली सरकारी बारदान जब्त किए हैं। इतना ही नहीं, केंद्र के बाहर 3 से 4 ट्रैक्टर-ट्रालियां गेहूं से लदी कतार में खड़ी मिलीं, जिससे स्पष्ट होता है कि यहाँ लंबे समय से समानांतर खरीदी केंद्र चलाया जा रहा था।

सुसनेर की अनुमति और खजुरी में अवैध काम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित संस्था को सुसनेर में गेहूं खरीदी की आधिकारिक अनुमति मिली थी। किंतु संस्था ने सुसनेर में स्लॉट बुक कराकर वहां से करीब 7 किलोमीटर दूर खजुरी में अवैध तरीके से कांटा लगा लिया। बताया जा रहा है कि सुसनेर के निजी वेयरहाउस में कम खरीदी दिखाकर प्रशासन को गुमराह किया जा रहा था और वास्तविक खरीदी इस अवैध केंद्र पर की जा रही थी। सबसे गंभीर बात यह है कि यहाँ बिना किसी अधिकृत सर्वेयर के गेहूं की गुणवत्ता की जांच की जा रही थी, जो सीधे तौर पर शासन की नीति का उल्लंघन है।

जांच के घेरे में संस्था और अधिकारी

इस गंभीर अनियमितता पर जिला खाद्य अधिकारी एमएल मालवीय का कहना है कि संस्था सुसनेर वेयरहाउस से संबद्ध है और वेयरहाउस भरने के बाद समिति स्तर पर खरीदी की प्रक्रिया जारी रहती है। हालांकि, कार्यपालक मजिस्ट्रेट की इस कार्रवाई ने खाद्य विभाग के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद से अन्य खरीदी केंद्रों पर भी हडक़ंप का माहौल है।

Next Post

मुख्यमंत्री का औचक निरीक्षण; ट्रॉली पर चढक़र जांची गेहूं की चमक

Thu Apr 30 , 2026
डॉ. मोहन यादव ने किसानों को किया आश्वस्त- एक-एक दाना खरीदेगी सरकार शाजापुर, अग्निपथ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गुरुवार को एक अलग ही जुझारू तेवर देखने को मिला। शाजापुर जिले के मकोड़ी स्थित श्यामा उपार्जन केंद्र पर जब मुख्यमंत्री अचानक पहुंचे, तो वहां मौजूद किसान और अधिकारी भौचक्के रह […]

Breaking News