सावन की पहली सवारी में चोर गिरोह की सेंध: भरतपुर की 7 महिलाएं गिरफ्तार, चाकू और कटर जब्त
उज्जैन, अग्निपथ। सावन की पहली सवारी के पावन अवसर पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ का फायदा उठाने के लिए अंतरराज्यीय चोर गिरोह सक्रिय हो गया। महाकाल नगरी में वारदात को अंजाम देने की नीयत से राजस्थान के भरतपुर से आया महिलाओं का एक शातिर गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में गिरोह की 7 महिला चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि भारी भीड़ के बीच से जेबकटों की एक अन्य टोली को भी दबोचा गया है।
महाकाल मंदिर और हरसिद्धि क्षेत्र में पहली सवारी के दौरान दर्जनों दर्शनार्थियों के सोने के मंगलसूत्र, चेन, मोबाइल और पर्स चोरी होने के बाद हड़कंप मच गया था। चोरी की लगातार शिकायतों के बाद हरकत में आई महाकाल और खाराकुआं थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने उड़ाए मंगलसूत्र और चेन
थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि भरतपुर (राजस्थान) का यह महिला चोर गिरोह सवारी से पहले ही सोमवार सुबह हरसिद्धि क्षेत्र में सक्रिय हो चुका था। गिरोह की महिलाओं ने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मुंबई निवासी बबीता पति दिनेश दुबे, अनीता पति घनश्याम और आरती पति अजय सहित कई महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन और पेंडेंट वाले मंगलसूत्र पार कर दिए।
चोरी की भनक लगते ही पीड़िता और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने सतर्कता दिखाते हुए तीन संदिग्ध महिलाओं को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने पूरे हरसिद्धि और नृसिंहघाट तिराहा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों को धर दबोचा।
बक्का, कटर और औजार बरामद, सभी आरोपी महिलाएं भेजी गईं जेल
पकड़ी गई महिला चोरों के पास से पुलिस ने कटर, पेचकस, पाइप, बक्का और छोटे चाकू जैसे घातक औजार बरामद किए हैं, जिनका उपयोग वे आभूषण काटने और चोरी की वारदातों में करती थीं। पुलिस ने आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाने के लिए राजस्थान पुलिस से संपर्क किया है।
गिरफ्तार की गई महिलाओं में गुड्डीबाई पति बच्चू, रेखा उर्फ सोनिया माली, नीतू पति फुक्कू माली, नरेशबाई पति रविन्द्र माली, सोनिया पति खन्ना माली (सभी निवासी भरतपुर, राजस्थान) और सपना पति राजेन्द्र सैनी (निवासी मुरैना) शामिल हैं। मंगलवार को पुलिस ने सभी 7 महिला आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे 6 जेबकत भी गिरफ्तार
सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की जेब तराशने आए अंतरराज्यीय गैंग के 6 पुरुषों को भी पुलिस ने स्मार्ट पार्किंग के पास से संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों में सूरज बावरी (कोटा, राजस्थान), सूरज बावरी (भटिंडा, पंजाब), मुकेश व अनिल (भोपाल), दिरपाल (भरतपुर) और सुरेश (जयपुर) शामिल हैं। यह टोली सवारी के जुलूस में शामिल होकर बड़े पैमाने पर जेबकटी करने की फिराक में थी।
थाने में लगी फरियादियों की कतार, एक दर्जन मोबाइल और पर्स गायब
सावन के पहले सोमवार पर महाकाल मंदिर परिसर, छत्री चौक और हरसिद्धि मार्ग से एक दर्जन से अधिक मोबाइल और 10 से ज्यादा पर्स व बैग चोरी होने की घटनाएं हुईं। खाराकुआं थाने में हरदा निवासी विशाल कहार, शाजापुर के सुरेंद्र कुमार, पंवासा की बबीता, नरसिंहगढ़ के भंवरलाल और बागपुरा के प्रशांत समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग शिकायत लेकर पहुंचे। पुलिस ने सभी फरियादियों से आवेदन लेकर साइबर सेल की मदद से चोरी गए मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया है।

