महिदपुर के मुख्य बाजार में भीषण आग, जूता-चप्पल दुकान का 15 से 20 लाख रुपये का माल खाक

महिदपुर, अग्निपथ। महिदपुर नगर के मुख्य बाजार स्थित गांधी मार्ग में शुक्रवार तड़के एक जूता-चप्पल दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस भीषण हादसे में दुकान में रखा लगभग 15 से 20 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। दमकल की गाड़ियों और स्थानीय निवासियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

नमाज पढ़कर लौट रहे लोगों ने दी सूचना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहीद भगत सिंह चौक क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास स्थित ‘स्टैंडर्ड शू पैलेस’ में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे आग की लपटें दिखाई दीं। मोती मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे कुछ लोगों ने जब दुकान से आग और धुआं उठते देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक शफीक अहमद (निवासी दिलदारपुरा) को दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही नगर पालिका का फायर ब्रिगेड दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा। दमकलकर्मियों और स्थानीय निवासियों ने मिलकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

दुकान मालिक शफीक अहमद के अनुसार आगजनी की इस घटना में 15 से 20 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया है। उन्होंने प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की संभावना जताई है।

आसपास की दुकानों पर भी मंडराया खतरा

मुख्य मार्ग पर आग की भीषण लपटें उठती देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की अन्य दुकानों में भी आग फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। हालांकि, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई और रहवासियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा होने से टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अक्टूबर में बदल रही ग्रहों की चाल, नौकरी से लेकर रिश्तों तक पड़ेगा प्रभाव

Fri Oct 9 , 2026
धार, अग्निपथ।  अक्टूबर का महीना केवल त्योहारों और खरीदारी के लिहाज से ही नहीं, बल्कि ज्योतिषीय दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस माह के दौरान शुक्र, शनि, सूर्य, बुध और गुरु की स्थितियों में बड़े बदलाव हो रहे हैं। इन ग्रह परिवर्तनों का सीधा संबंध धन, […]
चंद्रग्रहण

Breaking News