नलखेड़ा, अग्निपथ। जिले में गर्मी के बढ़ते प्रकोप और लू के खतरों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने चिलचिलाती धूप से बच्चों को बचाने के उद्देश्य से जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
नए आदेश के मुताबिक, जिले की सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई और अन्य बोर्डों से संबद्ध शालाओं के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन भी अब सुबह 7:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक ही किया जाएगा। यह नियम नर्सरी से लेकर हायर सेकेंडरी तक की सभी कक्षाओं पर समान रूप से लागू होगा। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यह विशेष व्यवस्था 18 अप्रैल 2026 से प्रभावी होकर 30 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी।
