कोरोना से परिवार खत्म : आधे घंटे में दोनों बहू की मौत. एक बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

उज्जैन। नागदा में रविवार को कोरोना संदिग्ध एक ही घर में रहने वाली दो बहुओं की आधे घंटे के अंतराल में एक के बाद एक की मौत हो गई। बड़ी बहू का बेटा अभी भी उज्जैन के निजी अस्पताल में भर्ती है।

नागदा के चिकित्सालय रोड पर रहने वाले कमल गनेरीवाल और उनके छोटे भाई विनोद गनेरीवाल के सामूहिक परिवार की बड़ी बहू 53 वर्षीय रेखा गनेरीवाल और छोटी बहू 45 वर्षीय विशाखा गनेरीवाल की आधे घंटे के अंतराल में मौत हो गई।

नागदा निवासी स्क्रेप व्यवसायी सामूहिक परिवार में रहने वाले कमल गनेरीवाल की पत्नी रेखा और विनोद गनेरीवाल की पत्नी विशाखा दोनों को करीब 8 दिन पहले बुखार और खांसी हुई। सिटी स्कैन करवाया तो पता चला कि लंग्स में इंफेक्शन है। घर में कमल के 28 वर्षीय बेटे हर्षित की भी तबियत खराब होने लगी। इसके बाद भी घर पर ही इलाज चलता रहा। 4 दिन पहले घर की दोनों बहू रेखा और विशाखा की तबीयत बिगड़ी तो उज्जैन में जेके अस्पताल में भर्ती करा दिया। रविवार को एक साथ आधे घंटे के अंतराल में दोनों बहू की मौत हो गई।

कमल और विनोद के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में 82 वर्षीय मां और दोनों भाई के एक-एक बेटे हैं। इसमें भी कमल का बेटा हर्षित अभी उज्जैन में जेके अस्पताल में भर्ती है। रेखा और विशाखा के शव को अंतिम संस्कार के लिए नागदा ले जाया गया। जहां मुक्ति धाम पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

जैन और जोशी परिवार भी आ चुका है चपेट में

उज्जैन सहित कई शहरों में कोरोना ने पूरे परिवार की जीवन लीला खत्म कर दी। उज्जैन में सेठी नगर निवासी जैन परिवार में माता, पिता और बेटी की मौत हुई तो वहीं वृंदावन धाम में जोशी परिवार में मां से संक्रमित हुई दोनों बेटियों के साथ मां की भी मौत हो गई।

इधर, मुख्यमंत्री से गुहार के बाद भी नहीं बची साहनी की जान, वीडियो वायरल कर मांगी थी मदद

वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री से खुद को बचाने के लिए गुहार लगाता अनिल।

उज्जैन,अग्निपथ। कोरोना का शिकार नागदा के अनिल साहनी की आखिरकार शनिवार देर रात मौत हो गई। उसने बहन की लाइलाज बीमारी का हवाला देते मुख्यमंत्री शिवराजसिंह से उसे बचाने की गुहार लगाते हुए वीडियो जारी किया था। प्रशासन ने वीडियो वायरल होने के बाद उसकी मदद का प्रयास किया था।

नागदा निवासी अनिल साहनी का कोरोना संक्रमित होने पर देवास के अमलतास हॉस्पीटल में इलाज चल रहा था। आक्सीजन पर चल रहे अनिल ने हालत खराब होने पर शनिवार को मुख्यमंत्री चौहान को मामाजी संबोंधित करते हुए वीडियो वायरल किया था। वीडियो में साहनी गुहार लगाता नजर आया था कि उसकी बहन की दोनों किडनी खराब है और उसकी देखभाल वह करता है। इसलिए मामा उसे बचा ले। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने उसकी सहायता का प्रयास किया था,लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबरों के उस पार: आपका मौन समझ से परे..!

Sun May 2 , 2021
शहर के अधिकांश वार्डों में कोरोना महामारी के चलते सेनिटाइजर का छिडक़ाव व मच्छरों से निजात के लिये दवाओं का छिडक़ाव किया जा रहा है। लेकिन सबसे अच्छी बात तो यह है कि पार्षदों के द्वारा कहीं कहीं तो सभी दूर इस का छिडक़ाव किया जा रहा है लेकिन कहीं […]

Breaking News