उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुराड़ियासागा में पुराने लेनदेन के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। यहां एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर पत्थर और डंडे चले। इस विवाद में 15-20 लोगों ने एक युवक पर पीछे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के लेनदेन से जुड़ा है विवाद
जानकारी के अनुसार एक ही परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह विवाद परिवार के एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के दौरान हुए लेनदेन से शुरू हुआ था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में वर्षों से तनाव बना हुआ था। शुक्रवार सुबह इसी बात पर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
शादी के समारोह में भी आरोपियों ने किया था हंगामा
पीड़ित रंजीत ने बताया कि 20 अप्रैल को उसके घर में शादी थी। इस दौरान भी आरोपियों ने मेहमानों के सामने हंगामा किया था, जिसके बाद से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था। रंजीत के मुताबिक 25 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे वह घर के बाहर खड़ा था, तभी उसके बड़े पापा दशरथ का बेटा ओमप्रकाश वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर ओमप्रकाश ने लोहे के पाइप से उस पर हमला कर दिया। इस बीच-बचाव करने आए उसके जीजा दीपक और सुनील मकवाना भी झगड़े में शामिल हो गए।
सिर में आई गंभीर चोट, परिवार में दहशत
हमले में रंजीत के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे तुरंत उज्जैन के चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके छोटे भाई को भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना के बाद रंजीत ने उन्हेल थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों की हरकतें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच एएसआई देवीलाल मालीवाड़ को सौंपी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
