नलखेड़ा, अग्निपथ। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए क्षेत्र का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनपद पंचायत नलखेड़ा की ग्राम पंचायत लालूखेड़ी में चल रहे विभिन्न महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का बारीकी से अवलोकन किया।
गुणवत्ता और समय सीमा पर विशेष जोर
सीईओ सोलंकी ने लालूखेड़ी में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास, नल-जल योजना और जल संचयन के लिए बनाए गए रिचार्ज पिट का जायजा लिया। उन्होंने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही, उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि सभी सरकारी अभिलेख व्यवस्थित और अपडेट रखें जाएं ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।
ग्रामीणों से जल संरक्षण की अपील
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें जल गंगा संवर्धन अभियान का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्य नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसमें जन-सहभागिता अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी (मनरेगा) डॉ. मनोज कुमार शर्मा, जनपद सीईओ अभिषेक यादव और सहायक यंत्री राहुल सौराष्ट्रीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
