धार में किसान के घर कटर से दरवाजा काट घुसे नकाबपोश, हथियार अड़ाकर 12 लाख की डकैती

धार, अग्निपथ। धार जिले के निसरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पुरा में रविवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गांव से सटे खेत में बने एक सूने मकान को निशाना बनाकर छह हथियारबंद बदमाशों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लुटेरों ने कटर की मदद से घर का मुख्य लोहे का दरवाजा काटा और भीतर दाखिल हो गए। पीड़ित किसान परिवार को इस पूरी डकैती में करीब 12 लाख रुपये का भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।

गर्दन पर फालिया अड़ाकर अलमारियां खंगालीं

खेत में बने इस मकान में रहने वाले किसान अमृतलाल पाटीदार रोज की तरह सो रहे थे, तभी रात के सन्नाटे में दरवाजा कटने की आवाज सुनकर अचानक उनकी नींद खुल गई। वे कुछ समझ पाते या शोर मचाते, उससे पहले ही एक डकैत ने उनकी गर्दन पर धारदार फालिया अड़ा दिया।

हथियार के बल पर किसान को पूरी तरह बंधक बनाने के बाद बाकी के पांच बदमाशों ने घर के कमरों में कोहराम मचाना शुरू कर दिया। डकैतों ने बेखौफ होकर पलंग के ड्रॉज, दराजें और मुख्य अलमारी के ताले तोड़कर वहां रखे सात तोला सोना और दो लाख रुपये नकद समेट लिए।

यात्रा पर गए थे बेटे, डर के मारे नहीं मचाया शोर

जिस वक्त यह सनसनीखेज वारदात हुई, उस समय घर में सिर्फ ससुर और बहू ही मौजूद थे। अमृतलाल के बेटे इन दिनों केदारनाथ की धार्मिक यात्रा पर गए हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी किसी पारिवारिक कार्य के सिलसिले में गुजरात के सूरत शहर में थीं।

अमृतलाल ने बताया कि डकैत आधुनिक हथियारों से लैस थे और उनका घर आबादी से दूर खेत में अकेला था, इसलिए जान बचाने के लिए उन्होंने शोर नहीं मचाया। बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित ने ग्रामीणों को फोन किया, लेकिन रात में उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस की कई टीमें

सोमवार सुबह होते ही इस डकैती की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही निसरपुर चौकी प्रभारी रवि वास्के अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोपहर में कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता और टीआई राजेश यादव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।

अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली है और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही गिरोह को दबोच लिया जाएगा।

Next Post

नागदा में सूने मकान से 40 लाख की चोरी मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख का  सोना बरामद

Mon Jun 22 , 2026
नागदा जंक्शन, अग्निपथ। नागदा पुलिस ने एक सूने मकान में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का बेहद कम समय में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 6 लाख  रुपये की कीमत के सोने के आभूषण और नकदी बरामद करने में सफलता […]

Breaking News