उज्जैन, अग्निपथ। उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलियाडाबी में दो दिन पहले हुई किसान भारतसिंह राजपूत की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। इस खूनी वारदात की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी सोनाकंवर ही निकली। महिला ने अपने अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत का यह खौफनाक ताना-बाना बुना था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
खेत में लहूलुहान मिली थी लाश, मुखबिर तंत्र ने खोला राज
पिपलियाडाबी के रहने वाले किसान भारतसिंह राजपूत का शव दो दिन पहले उसी के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला था। उसके सिर पर किसी भारी चीज से हमला किया गया था, जिससे ज्यादा खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने तत्काल अपने मुखबिर तंत्र और स्थानीय इनपुट्स को एक्टिव किया, जिससे केस में एक चौंकाने वाला मोड़ आया।
जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि मृतक की पत्नी सोनाकंवर के अपने रिश्ते के देवर जितेंद्रसिंह के साथ पिछले 5 सालों से बेहद नजदीकी और अवैध संबंध थे। भारतसिंह को जब अपनी पत्नी के इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया था। पति का लगातार विरोध करना दोनों प्रेमियों को नागवार गुजर रहा था, जिसके बाद उन्होंने भारतसिंह को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
शराब पिलाने के बहाने खेत पर ले गया, फिर पत्थर से कुचला सिर
हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित प्लानिंग की थी। भारतसिंह अपनी पुश्तैनी जमीन को बेचने की तैयारी भी कर रहा था, जिससे दोनों बेहद डरे हुए थे। मौका पाकर 29 मई की रात करीब 10 बजे प्रेमी जितेंद्रसिंह ने भारत की शराब पीने की कमजोरी का फायदा उठाया। वह उसे शराब पिलाने का झांसा देकर चुपचाप अपने साथ गांव के पास ही स्थित एक सूने खेत पर ले गया।
खेत पर जब भारतसिंह शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त हो गया, तो जितेंद्र ने भारी पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक ब्लीडिंग होने से भारत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस पूरी वारदात की पल-पल की जानकारी पत्नी सोनाकंवर को थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वे ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिक सके और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

