उज्जैन (झारड़ा)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिला अंतर्गत झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया वेणा (हरनिया वेणा) में विवाहिता को अर्धनग्न कर जूतों की माला पहनाने वाले कुख्यात मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ा एक्शन लिया है। इंसानियत को तार-तार करने वाली इस घटना के सामने आने के बाद सक्रिय हुई झारड़ा थाना पुलिस ने वारदात में शामिल 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कानून का खौफ पैदा करने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों का उसी गांव में सरेआम जुलूस निकाला, जहाँ उन्होंने महिला के साथ बर्बरता की थी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के दबंगों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
3 साल बाद गांव लौटते ही पूर्व पति के परिवार ने घेरा
पुलिस जांच और पीड़ित पक्ष से मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, इस पूरे खूनी संघर्ष और तालिबानी प्रताड़ना की पृष्ठभूमि तीन साल पुरानी है। पीड़ित महिला करीब तीन साल पहले अपने पूर्व पति और उसके परिवार को छोड़ कर अपनी मर्जी से चली गई थी। उसके साथ गांव का ही एक अन्य युवक भी गया था। दोनों पिछले तीन वर्षों से इंदौर में एक साथ रह रहे थे और हाल ही में उन्होंने सामाजिक रूप से साथ रहने का फैसला किया था।
गुरुवार को जब यह जोड़ा लंबे समय बाद वापस अपने पैतृक गांव अरनिया वेणा लौटा, तो घात लगाकर बैठे पूर्व पति के परिजनों और उनके समर्थकों ने दोनों को रास्ते में ही घेर लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया और उनके कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न कर दिया। बर्बरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने महिला के बाल काट दिए और दोनों को जूतों की माला पहनाकर सरेआम गांव की गलियों में घुमाया।
मूकदर्शक बने रहे ग्रामीण, बचाने के बजाय बनाते रहे वीडियो
इस पूरे अमानवीय कृत्य के दौरान गांव की संवेदनशीलता और सामाजिक ताना-बाना पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आया। जब पीड़िता और उसका पति मदद के लिए चिल्ला रहे थे, तब गांव के लोग उन्हें बचाने के लिए आगे आने के बजाय मूकदर्शक बने रहे। इतना ही नहीं, भीड़ में मौजूद कई लोग इस पूरी हैवानियत को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर वीडियो बनाते रहे।
बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद उज्जैन पुलिस प्रशासन हरकत में आया और रातों-रात आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना की गईं।
नामजद आरोपियों की लिस्ट: 3 पहुंचे जेल, 3 पुलिस रिमांड पर
झारड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 6 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुमेरसिंह (पिता कालूसिंह), बद्रीलाल, कचरूसिंह, दशरथसिंह, चैनसिंह, वीरेंद्र सिंह और कृपालसिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए इनमें से तीन मुख्य आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत सीधे जेल भेज दिया है।
शेष तीन आरोपी वर्तमान में पुलिस हिरासत (पुलिस रिमांड) में हैं, जिनसे घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों और वीडियो बनाने वाले संदिग्घों के संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य नामजद महिला आरोपियों और सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी कानून की गिरफ्त में होंगे।
यह भी पढ़ेंः उज्जैन में इंसानियत शर्मसार: संपत्ति विवाद में विवाहिता को अर्धनग्न कर पीटा

