4 वर्ष पूर्ण होने पर नगर निगम बोर्ड ने गिनवाईं अपनी उपलब्धियां

सुंदरकांड पाठ और स्नेह भोज के आयोजन में उमड़े भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम बोर्ड का 4 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को कोयला फाटक स्थित महाकाल परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर मुकेश टटवाल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, आभार प्रकट और स्नेह भोज का आयोजन सम्पन्न हुआ। नगर निगम बोर्ड का 4 वर्ष का कार्यकाल 5 अगस्त को पूर्ण हो रहा है, जिसकी पूर्व संध्या पर 4 अगस्त को यह विशेष समारोह रखा गया।

कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण में सुंदरकांड पाठ हुआ और इसके पश्चात वृहद स्नेह भोज आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम बोर्ड के चार वर्ष के सफल कार्यकाल के दौरान शहर में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की झलकियां भी प्रदर्शित की गईं। इसके माध्यम से शहरवासियों को नगर निगम द्वारा किए गए विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता अभियानों, सड़कों के निर्माण, सौंदर्यीकरण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

शहर विकास और जनसेवा की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव

महापौर मुकेश टटवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम बोर्ड के चार वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इन चार वर्षों के कार्यकाल में शहरवासियों के निरंतर सहयोग और अगाध विश्वास के साथ विकास तथा जनसेवा के अनगिनत कार्य निष्पादित किए गए हैं। इसी विश्वास और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करने तथा सेवा के संकल्प को आगे और अधिक मजबूत करने के ध्येय से सुंदरकांड पाठ और स्नेह भोज का आयोजन रखा गया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम बोर्ड के यह चार वर्ष केवल कार्यकाल की पूर्णता का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि यह शहर के समग्र विकास और नागरिकों की अनवरत सेवा के लिए किए गए निस्वार्थ प्रयासों की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस कार्यक्रम के माध्यम से चार वर्षों में हासिल की गई उपलब्धियों को जनता जनार्दन के समक्ष पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ सत्यनारायण जटिया, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल तथा नेता प्रतिपक्ष रवि राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इनके अतिरिक्त मेयर इन काउंसिल के समस्त सदस्यगण, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, विभिन्न समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, शहरवासी, मित्रगण, नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी तथा कर्मचारी संघ के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

महापौर के 4 वर्ष के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां

  • बर्तन बैंक का शुभारंभ: पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के उद्देश्य से 11 वार्डों में बर्तन बैंक का शुभारंभ किया गया। इन बर्तन बैंकों का सुचारू संचालन स्व सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है।

  • महाकाल प्रसादम व्यवस्था: महापौर के विशेष प्रयासों से दीनदयाल रसोई केंद्रों में महाकालेश्वर अन्न क्षेत्र का पवित्र प्रसाद आम नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

  • प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश: बेघर परिवारों के लिए 152 आवासीय इकाइयों का निर्माण कराया गया। कुल 6 ब्लॉक में बनी इन इकाइयों की कुल लागत रुपये 1319.36 लाख है, जिसमें प्रति इकाई निर्माण लागत रुपये 8.68 लाख आई है।

  • अवंतिका द्वार सुविधा: स्थानीय उज्जैन वासियों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था हेतु अवंतिका द्वार की शुरुआत की गई, जिसके तहत केवल आधार कार्ड दिखाकर महाकाल मंदिर में प्रवेश की विशेष व्यवस्था की गई।

  • जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की होम डिलीवरी: आम जनता की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सीधे नागरिकों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था लागू की गई।

  • कोठी रोड तरणताल का पुनर्निर्माण: शहर के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए कोठी रोड स्थित ऐतिहासिक तरणताल का जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण कराया गया।

  • फाजलपुरा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स: फाजलपुरा क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया।

  • चक्रतीर्थ का सौंदर्यीकरण: चक्रतीर्थ पर भव्य डोम का निर्माण कराने के साथ ही वहां भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र की भव्य प्रतिकृति स्थापित की गई।

  • कपिला गौशाला में शेड निर्माण: गौवंश के संरक्षण और देखभाल के लिए कपिला गौशाला में आधुनिक शेड का निर्माण कराया गया।

  • नगर गेर का सफल आयोजन: वर्ष 2023, 2024 और 2025 में पारंपरिक नगर गेर का भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन सम्पन्न कराया गया।

  • सफाई मित्रों से चाय पर चर्चा: 19 जून से 24 जून 2024 तक शहर की स्वच्छता के मुख्य स्तंभ सफाई मित्रों के साथ ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।

  • पूर्व पार्षद सम्मेलन: नगर के विकास में पूर्व जनप्रतिनिधियों के अनुभवों का लाभ लेने के लिए 14 नवंबर 2025 को पूर्व पार्षद सम्मेलन का ऐतिहासिक आयोजन किया गया।

इन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धियों के अलावा भी शहर में ऐसे अनेक विकास कार्य संपन्न कराए गए हैं, जो महापौर की सुदृढ़ नगर विकास कार्यप्रणाली और दूरदर्शी सोच को प्रत्यक्ष रूप से दर्शाते हैं।

Next Post

क्षेत्र के नदी-नाले आए उफान पर, जीवनदायिनी लखुंदर नदी में पहली बार आई बाढ़

Mon Aug 10 , 2026
नलखेड़ा, अग्निपथ। नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात १२ बजे से शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौर सोमवार को दिनभर निरंतर जारी रहा। लगभग १८ घंटे से अधिक समय तक रुक-रुक कर हुई मूसलाधार बारिश से इस मानसून सत्र में पहली बार क्षेत्र के सभी […]

Breaking News