मौत

उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी आयशर गाड़ी से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक और आयशर दोनों ही पलट गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

रांग साइड आना पड़ा भारी, मिस्त्री की मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार, पंथपिपलई निवासी 60 वर्षीय रमेश उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव पेशे से मिस्त्री थे। शनिवार सुबह वे काम पर जाने से पहले अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पंप पर आए थे। पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वे रांग साइड से सड़क पर आगे बढ़े, सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसी कोशिश में ट्रक ने पास ही खड़ी आयशर को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान रमेश भी ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अपनी गाड़ी साफ कर रहा चालक घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल हुए 50 वर्षीय ओमप्रकाश पाटीदार गैस एजेंसी की आयशर गाड़ी चलाते हैं। वे पेट्रोल पंप के पास अपनी खाली गाड़ी खड़ी कर उसके कांच साफ कर रहे थे, तभी अनियंत्रित ट्रक उनकी गाड़ी से टकराकर पलट गया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

धार में जनजातीय कार्य विभाग का महाधमाका: खजाने में सेंध लगाने वाले 4 शिक्षक निलंबित

Sat Apr 18 , 2026
धार, अग्निपथ। धार जिले के जनजातीय कार्य विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब सरकारी खजाने की राशि में बड़ी हेराफेरी और वित्तीय अनियमितता का काला चिट्ठा खुलकर सामने आ गया। कलेक्टर और कोषालय की जांच रिपोर्ट के बाद विभाग ने एक बेहद कड़ा और बड़ा फैसला लेते हुए चार […]
निलंबित, suspend, निलंबन

Breaking News