उज्जैन : रेल राज्यमंत्री ने किए महाकाल दर्शन, रेलवे की सिंहस्थ तैयारियों का लिया जायजा

उज्जैन, अग्निपथ। केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्यमंत्री वी. सोमन्ना शुक्रवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। उन्होंने यहाँ सबसे पहले भगवान महाकाल के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने रेलवे स्टेशन का भ्रमण किया और आगामी सिंहस्थ-2028 को लेकर रेलवे द्वारा बनाई गई कार्ययोजना का विस्तृत प्रजेंटेशन देखा।

होटल अवंतिका में हुआ भव्य स्वागत

रेलवे स्टेशन के समीप स्थित होटल अवंतिका में मंत्री वी. सोमन्ना का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर निगम सभापति कलावती यादव, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और नगर उपाध्यक्ष जगदीश पांचाल ने उनकी आगवानी की। इस दौरान रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार भी उपस्थित रहे।

50 साल की भविष्यवादी योजना पर जोर

प्रजेंटेशन के दौरान डीआरएम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से सिंहस्थ संबंधी विकास कार्यों की जानकारी दी। मंत्री वी. सोमन्ना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल आगामी सिंहस्थ ही नहीं, बल्कि उज्जैन की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अगले 50 वर्षों की भविष्यवादी प्लानिंग तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुनियादी ढांचा ऐसा हो जो लंबे समय तक शहर के काम आए।

तीन नए ब्रिज और सात स्टेशनों का होगा कायाकल्प

डीआरएम ने बताया कि पिछले सिंहस्थ-2016 में रेलवे ने लगभग 21 लाख टिकट बेचे थे, जिसे देखते हुए इस बार व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्य स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नए ब्रिज बनाए जाएंगे, जिनमें दो ब्रिज 6 मीटर चौड़े और एक ब्रिज 12 मीटर चौड़ा होगा। इसके साथ ही दोनों ओर सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्था की जाएगी। सिंहस्थ के मद्देनजर पिंगलेश्वर, पंवासा, शिप्रा, चिंतामन गणेश, शिप्रा ब्रिज और नईखेड़ी स्टेशनों को भी विशेष रूप से विकसित किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए अलग से होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।

45 किमी की बाउंड्रीवॉल और मेला स्पेशल ट्रेनें

सुरक्षा के लिहाज से डीआरएम ने जानकारी दी कि रतलाम और इंदौर के बीच पटरियों पर भीड़ को आने से रोकने के लिए 45 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। ट्रेन मेंटेनेंस के लिए इंदौर में नए कारखाने प्रस्तावित किए गए हैं। सिंहस्थ के दौरान यात्रियों के दबाव को कम करने के लिए बड़ी संख्या में मेला स्पेशल ट्रेनें और डबल हेड इंजन वाली ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

Breaking News