महिदपुर में गूंजे वैदिक मंत्र: स्नेह सिटी शिवालय में शिव परिवार और हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

महिदपुर, अग्निपथ। महिदपुर की स्नेह सिटी धर्मनगर स्थित शिवालय मंदिर में तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विधि-विधान से भगवान महादेव, माता पार्वती, कार्तिकेय, गणेश, नंदी महाराज और हनुमान जी की प्रतिमाओं को प्रतिष्ठित किया गया। 9 फरवरी 2026 को संपन्न हुए इस महोत्सव में नगर के श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया और मंदिर समिति द्वारा आयोजित विभिन्न अनुष्ठानों में सहभागिता की।

कलश यात्रा और पूजन का भव्य शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ वरिष्ठ आचार्य भीमाशंकर व्यास एवं डाॅ. गिरीश कुमार जोशी के सान्निध्य में और आचार्य गोपाल व्यास के आचार्यत्व में हुआ। प्रथम दिवस पर विद्वान आचार्यों ने यजमानों को हेमाद्री स्नान, प्राश्चित और जनेऊ पूजन संपन्न करवाया। इसके पश्चात भगवान के विग्रहों को रथ में विराजमान कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों के साथ निकली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुँची, जहाँ यज्ञ प्रज्ज्वलित कर देवताओं का आह्वान किया गया।

वैदिक अनुष्ठान और अभिषेक की धारा

दूसरे दिन अनुष्ठानों की श्रृंखला में कुटीर होम, सर्वदेव जलाधिवास, अरणी मंथन और अन्नाधिवास जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए। पंडित चन्द्रशेखर शर्मा, पंडित जगदीश शर्मा, पंडित जीवन शर्मा सहित अन्य विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रासाद वास्तु और मूर्तिपति लोकपाल होम पूर्ण किया। तृतीय दिवस “अभिजीत मुहूर्त” में मुख्य प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलश स्थापना और ध्वजारोहण का आयोजन हुआ। पूर्णाहुति और महाआरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों ने प्रसादी ग्रहण की।

दानदाताओं और लाभर्थियों का अनुकरणीय सहयोग

मन्दिर निर्माण और महोत्सव में अनेक परिवारों ने श्रद्धापूर्वक सहयोग किया। मुख्य शिवालय ध्वजारोहण का लाभ डाॅ. महेश ममता रामपुरे परिवार ने और हनुमान जी की ध्वजा का लाभ डाॅ. दिनेश सक्सेना परिवार ने लिया। भगवान के प्रथम पट खोलने का सौभाग्य डाॅ. दिनेश सक्सेना और संजय व्यास परिवार को मिला। महादेव की प्रथम आरती मनोज टाक परिवार और हनुमान जी की आरती ललित अमित कुन्दनमल जैन व सौरभ शुभम सुभाषचंद्र भटेवरा परिवार द्वारा की गई। वैभव कुमार मनोहरलाल जी इन्दौर परिवार ने महादेव के शिखर कलश और किशोर अभिषेक वर्मा परिवार ने हनुमान जी के शिखर कलश का लाभ लिया। मन्दिर के दरवाजों का सहयोग सोहन लाल सुदर्शन निरंजन शर्मा एवं पूर्व विधायक अरुण कुमार रामचंद्र जी चौधरी परिवार द्वारा किया गया।

उत्साह और भक्ति का वातावरण

संपूर्ण स्नेह सिटी को विद्युत सज्जा और धर्म ध्वजाओं से सजाया गया था। रहवासियों ने अपने घरों पर भी दीपमालाएं सजाईं। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वस्तिक ठाकुर ने किया और आभार प्रदर्शन के साथ महोत्सव संपन्न हुआ। उपरोक्त जानकारी स्वस्तिक चौधरी द्वारा प्रदान की गई।

Next Post

अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 9 लाख की 8 मोटरसाइकिलें बरामद

Mon Feb 9 , 2026
धार, अग्निपथ। धार शहर में दुपहिया वाहनों की बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए कोतवाली पुलिस ने एक अंतर-जिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर धार और इंदौर के […]

Breaking News