अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए पहली सीधी ट्रेन रवाना, पीएम मोदी और नेपाली पीएम ने दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली, अग्निपथ। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की नगरी जनकपुर धाम के बीच ऐतिहासिक रेल संपर्क की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद भवन से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुल 19 घंटे का सफर तय करने वाली यह ट्रेन अपनी उत्तर प्रदेश की यात्रा पूरी कर बिहार में प्रवेश कर चुकी है।

निर्धारित समय से 20 मिनट पहले पहुंची गोरखपुर

सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन को लेकर पहले ही दिन यात्रियों और प्रशासन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यह ट्रेन करीब साढ़े तीन घंटे का सफर तय कर शाम 4 बजकर 50 मिनट पर गोरखपुर स्टेशन पहुंच गई। रेलवे की समय-सारणी के अनुसार इसे शाम 5 बजकर 10 मिनट पर गोरखपुर पहुंचना था, लेकिन इसने निर्धारित समय से करीब 20 मिनट पहले ही यह पड़ाव पार कर लिया। उत्तर प्रदेश और बिहार के कुल 10 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए यह ट्रेन कल सुबह करीब 8 बजकर 30 मिनट पर अपने अंतिम गंतव्य जनकपुर धाम पहुंचेगी।

28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए नियमित परिचालन

रेलवे अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन के पहले दिन इस विशेष ट्रेन में कुल 1 हजार 158 यात्री सवार हुए। आम जनता की सुविधा के लिए इस रेल सेवा का नियमित परिचालन आगामी 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है। ट्रेन के रवाना होने से पहले अयोध्या स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल रहा। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर और भजन गाकर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान राम और माता जानकी के जयकारे लगाते नजर आए।

नेपाली श्रद्धालुओं ने जताई खुशी

इस नई रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। नेपाल की रहने वाली यात्री सविता थापा ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे अपने परिवार के साथ मथुरा और वृंदावन के दर्शन करने आई थीं। इसी दौरान उन्हें इस नई ट्रेन के शुरू होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वे गोरखपुर से इसमें सवार हुईं। उन्होंने कहा कि सीधी ट्रेन चलने से अब दोनों देशों के नागरिकों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।

चार दिन की पौराणिक यात्रा अब मात्र 19 घंटे में

इस रेल मार्ग का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व भी बेहद खास है। वाल्मीकि रामायण के वर्णनों के अनुसार, जब महाराज दशरथ भगवान राम की बारात लेकर अयोध्या से मिथिला के जनकपुर पहुंचे थे, तब उस यात्रा को पूरा करने में चार दिन का समय लगा था। आधुनिक रेल संपर्क स्थापित होने के बाद अब वही पौराणिक और सांस्कृतिक दूरी महज 19 घंटे में सिमट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन में नाबालिग से दरिंदगी के दोषी को 20 साल की सख्त सजा, पोक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला

Mon Nov 23 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के नागझिरी थाना क्षेत्र में दो साल पहले नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को विशेष न्यायालय पोक्सो एक्ट ने कड़ी सजा सुनाई है। अदालत ने मामले में सुनवाई के बाद आरोपी राहिद उर्फ छोटू पिता रईस को दोषी ठहराते हुए 20 साल […]
न्यायालय

Breaking News