सीहोर, अग्निपथ। शहर के प्रतिष्ठित बीएसआई मैदान पर पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री राजमल मेवाड़ा की स्मृति में आयोजित कारपोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में आईपीसीए भोपाल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर अलअहमद सीनियर क्रिकेट वारियर्स को नौ विकेट के विशाल अंतर से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच में भोपाल की टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही क्षेत्रों में अपना दबदबा बनाए रखा।
समीर कुरैशी का तूफानी अर्द्धशतक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईपीसीए भोपाल की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज समीर कुरैशी ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए मात्र 24 गेंदों पर 68 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनके इस विध्वंसक प्रदर्शन ने विपक्षी टीम के हौसले पस्त कर दिए। वहीं, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर जेपी यादव ने अपनी अनुभवजन्य बल्लेबाजी का परिचय देते हुए 33 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में अब्दुल अकील ने महज 6 गेंदों पर 16 रन बनाकर अपनी टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया। अलअहमद की ओर से एकमात्र सफलता गेंदबाज दीपेश पाल को मिली।
अलअहमद की बल्लेबाजी रही साधारण
इससे पूर्व टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलअहमद सीनियर की टीम निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.4 ओवरों में 115 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से शाबिर मोहम्मद ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 38 गेंदों पर 65 रन बनाए, जबकि हिमांशु तिवारी ने 14 और आमिर खान ने 16 रनों का योगदान दिया। आईपीसीए के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को बांधे रखा। देवेंद्र सिंह, सन्नी भटनागर और विनोद पाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके, जबकि पीयूष राज सक्सेना को एक सफलता मिली।
गरिमामय समारोह में हुआ पुरस्कार वितरण
मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक व जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदेश राय और भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अनिल पालीवाल, कैलाश अग्रवाल, सचिव अतुल तिवारी, सुदीप प्रजापति सहित आयोजनकर्ता चेतन मेवाड़ा और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उच्च स्तरीय खेल भावना देखने को मिली।
