उज्जैन, अग्निपथ । कहते हैं दोस्ती में लोग क्या कुछ नहीं कर जाते, लेकिन उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में दोस्ती का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहाँ सोमवार को बीकॉम (B.Com) की परीक्षा में दूसरी छात्रा की जगह फर्जी तरीके से पेपर देते हुए पकड़ी गई युवती को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
JEE पास कर चुकी है आरोपी छात्रा
माधव नगर पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि जो लड़की बीकॉम का फर्जी पर्चा लिख रही थी, वह कोई मामूली छात्रा नहीं है। उसने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक ‘JEE’ को क्रैक किया है और वह खुद उज्जैन के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (UEC) से बीटेक (B.Tech) की पढ़ाई कर रही है।
अगले ही दिन था खुद का B.Tech का पेपर
मामले में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि मंगलवार को इस होनहार छात्रा का खुद का बीटेक का मुख्य पेपर था। लेकिन अपनी सहेली की मदद करने के चक्कर में वह अपने करियर की परवाह किए बिना, एक दिन पहले सोमवार को बीकॉम की परीक्षा देने बैठ गई। परीक्षा हॉल में जब एनएसयूआई (NSUI) नेता तरुण परिहार ने इसकी संदिग्ध गतिविधियों को भांपकर शिकायत की, तो सारा भंडाफोड़ हो गया। जांच में पता चला कि वह सपना भदौरिया नामक छात्रा की जगह ‘विशाखा माहेश्वरी’ बनकर परीक्षा दे रही थी।
थाना प्रभारी का बयान: कानूनन मिली जमानत
माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी छात्रा तकनीकी शिक्षा (B.Tech) की पढ़ाई कर रही है। चूंकि यह मामला जमानती अपराध (Bailable Offence) के दायरे में आता है, इसलिए सोमवार को ही वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि कानूनन वह मंगलवार को अपनी खुद की बीटेक परीक्षा में शामिल होने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र थी और संभवतः उसने मंगलवार को कॉलेज पहुंचकर अपना खुद का पेपर दिया भी होगा। बहरहाल, इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के बीच बढ़ रहे इस शॉर्टकट ट्रेंड पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।