महाकाल लोक के पास होटल संतोष पैलेस में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

fire आग

तीसरी मंजिल पर रखे रजाई-गद्दों ने पकड़ा बारूद जैसा वेग, स्थानीय युवाओं ने जान पर खेलकर बुझाई आग

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल लोक के सामने वाली लाइन में जयसिंहपुरा क्षेत्र स्थित होटल संतोष पैलेस में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल की तीसरी मंजिल से आग की भीषण लपटें उठने लगीं। घटना रात करीब 12 बजे की है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे होटल में ठहरे यात्रियों और आसपास के रहवासियों में भगदड़ मच गई। महाकाल लोक जैसे व्यस्त क्षेत्र में हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तुरंत नगर निगम की फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।

फायर ऑफिसर लक्ष्मणप्रसाद साहू ने बताया कि तीसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी भड़की थी, जिसने छत पर रखी रजाई और गद्दों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने में क्षेत्रवासियों ने मिसाल पेश की। लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए होटल की तीसरी मंजिल पर मोर्चा खोल दिया। स्थानीय युवाओं और रहवासियों ने घरों से बाल्टियाँ निकालकर और पास मौजूद फायर सेफ्टी टैंक की मदद से पानी की बौछारें शुरू कर दीं। देखते ही देखते दर्जनों हाथ आग बुझाने में जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया गया।

टला बड़ा हादसा, अब बिजली सुरक्षा प्रमाणपत्र भी होगा अनिवार्य

स्थानीय लोगों की त्वरित सूझबूझ से होटल के कमरों में ठहरे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। घटना के बाद महाकाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फायर ऑफिसर लक्ष्मण प्रसाद साहू के अनुसार, महाकाल क्षेत्र में पुराने घरों को होटल और गेस्ट हाउस में तब्दील कर दिया गया है। इन इमारतों में भारी संख्या में एसी लगने के कारण बिजली का लोड अत्यधिक बढ़ गया है, जो शॉर्ट सर्किट और आग का मुख्य कारण बन रहा है।

इस समस्या को देखते हुए नगर निगम अब इन होटलों से फायर ऑडिट के साथ-साथ विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र (Electrical Safety Certificate) भी मांगेगा। इससे बिजली विभाग वहां की वायरिंग आदि की जांच कर सकेगा, ताकि भविष्य में शॉर्ट सर्किट की गुंजाइश न रहे।

Next Post

उज्जैन मंडी में किसानों के साथ तौल में बड़ी धोखाधड़ी, एफपीओ का कांटा ज़ब्त

Thu Feb 26 , 2026
4 बोरी गेहूं में मिला 84 किलो का अंतर, हर बोरी पर मारी जा रही थी 20 किलो की डंडी उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन कृषि उपज मंडी में किसानों से गेहूं खरीदी के दौरान फार्मर प्रोड्यूसर्स ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) द्वारा वजन में बड़ी गड़बड़ी कर धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया […]

Breaking News