इंदौर-भोपाल हाईवे पर भीषण बस हादसा: पुलिस ने देवदूत बनकर बचाई 40 जिंदगियां

सीहोर, अग्निपथ। इंदौर-भोपाल हाईवे पर बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब अनियंत्रित होकर एक यात्री बस सड़क किनारे जा टकराई। आधी रात के सन्नाटे में हुई इस टक्कर से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जावर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’ चलाया और बस में फंसे करीब 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आधी रात को मची अफरा-तफरी

घटना शुक्रवार की रात करीब साढ़े बारह बजे की है। इंदौर की ओर से आ रही ‘ओम साई बस’ (क्रमांक एमपी 15 पीए 3377) ग्राम खड़ी जोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ढांचे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पिचक गया और यात्री अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में जावर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

महिलाओं और बच्चों का सकुशल रेस्क्यू

थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। बस में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो इस हादसे से बुरी तरह सहम गए थे। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए खिड़कियों और दरवाजों के रास्ते सभी 40 यात्रियों को एक-एक कर सकुशल बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। बस चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल आष्टा भेजा गया।

सुरक्षित गंतव्य की ओर रवानगी

हादसे के बाद हाईवे पर फंसे यात्रियों के लिए पुलिस ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की। सभी यात्रियों को अन्य बसों और निजी साधनों के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक संतोष विश्वकर्मा, सैनिक लाखन, राहुल परमार और डायल 112 के आरक्षक सुभाष डावर की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चौतरफा प्रशंसा हो रही है।

Next Post

गैर अनुज्ञप्तिधारी व्यापारी के गोदाम पर सख्त कार्रवाई: 434 क्विंटल अनाज जब्त

Fri Apr 17 , 2026
खरगोन, अग्निपथ। भीकनगांव एसडीएम लोकेश छापरे के नेतृत्व में प्रशासन ने अवैध भंडारण और अनियमित व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राजस्व और मंडी दल की संयुक्त टीम ने ग्राम सोनवाड़ा में एक गैर अनुज्ञप्तिधारी (बिना लाइसेंस वाले) व्यापारी के गोदाम पर औचक छापा मारा। इस कार्रवाई […]

Breaking News