शाजापुर, अग्निपथ। नगर के डांसी रोड पर कराए जा रहे सीमेंट कंक्रीट सडक़ निर्माण में एक नाबालिग मजदूर की सीमेंट की थैलियों के नीचे दबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम हीरपुर बज्जा निवासी हरीश (14) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को निर्माण कार्य के दौरान हरीश मजदूरी का काम कर रहा था। तभी उस पर सीमेंट की थैलियां गिर गईं। तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। कोतवाली थाना प्रभारी संतोषसिंह वाघेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता मानसिंह ने बताया कि हरीश मजदूरी करने आया था। उनके दो बेटियां और एक बेटा था।
खेत से चोरी 20 पाइप बरामद, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
शाजापुर, अग्निपथ। थाना सुनेरा क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए 10 हजार रुपए मूल्य के 20 पाइप बरामद किए हैं। घटना 21 मई की है। पीडि़त भगवान सिंह निवासी उमरिया ताज गांव ने पुलिस को की शिकायत में बताया था कि उनके पनवाड़ी काकड़ वाले खेत से काले रंग के 20 पाइप चोरी हो गए हैं।
चोरों को पकडऩे के लिए थाना प्रभारी सुनेरा भरत किरार के साथ एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया था। पुलिस की मेहनत रंग लाई ओैर आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों उमरिया ताज निवासी संजय राठौर (34) और नारायण सिंह (20) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी भरत किरार ने जानकारी दी।