उज्जैन, अग्निपथ। महिला से दुष्कर्म के संगीन मामले में घिरे महामंडलेश्वर ज्ञानदास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वारदात के सामने आने के बाद से ही आरोपी महामंडलेश्वर फरार चल रहा है। पुलिस टीम ने सोमवार को उसके दो प्रमुख ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन आरोपी बाबा हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी के डर से आरोपी महामंडलेश्वर शहर छोड़कर किसी अन्य राज्य या गुप्त ठिकाने पर जाकर छिप गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाकाल पुलिस उसकी घेराबंदी में जुटी हुई है। वहीं, इस शर्मनाक घटनाक्रम के सामने आने के बाद धार्मिक नगरी के संत समाज में भी भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने आरोपी बाबा को संत समाज से निष्कासित कर उसका बहिष्कार कर दिया है।
सदावल से पीपलीनाका पहुंचा, फिर पुलिस को चकमा देकर हुआ चंपत
थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि महामंडलेश्वर ज्ञानदास के शहर में दो मुख्य आश्रम संचालित होते हैं। इनमें से एक आश्रम सदावल मार्ग पर स्थित दादू दयाल आश्रम है, जबकि दूसरा आश्रम पीपलीनाका क्षेत्र में स्थित है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दुष्कर्म का मामला उजागर होने के शुरुआती दिन आरोपी ज्ञानदास सदावल स्थित आश्रम में ही मौजूद था, लेकिन जैसे ही उसे पुलिस कार्रवाई की भनक लगी, वह वहां से चुपचाप निकलकर पीपलीनाका स्थित अपने दूसरे आश्रम में जा छिपा।
जब पुलिस की विशेष टीम को आरोपी के पीपलीनाका आश्रम में छिपे होने का सुराग मिला, तो टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से ठीक पहले ही चतुर आरोपी वहां से भी चकमा देकर रफूचक्कर हो चुका था।
प्रयागराज आश्रम या पैतृक गांव में पनाह की आशंका, पुलिस खंगाल रही कुंडली
पुलिस का मानना है कि आरोपी बाबा केवल उज्जैन शहर ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की सीमा पार कर उत्तर प्रदेश या अन्य पड़ोसी राज्यों में शरण लेने की फिराक में है। पुलिस को यह भी संदेह है कि वह प्रयागराज स्थित अपने किसी परिचित या दादू पंथ के आश्रम में पनाह ले सकता है। इसके अलावा वह सन्यास से पहले के अपने पैतृक निवास या रिश्तेदारों के घर भी छिप सकता है।
फिलहाल पुलिस ज्ञानदास की पूरी कुंडली खंगालने में जुटी हुई है। उसके मूल निवास स्थान, रिश्तेदारों और सन्यास लेने के बाद भी परिजनों से संपर्क के तमाम माध्यमों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं और साइबर सेल की मदद से उसके संपर्क सूत्रों को ट्रेस किया जा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

